सड़क से अतिक्रमण हटाने के लिए चला बुलडोजर
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए बृहस्पतिवार को हैंसर बाजार में सड़क से अतिक्रमण हटवाया गया। एसडीएम व सीओ की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस फोर्स भी मौजूद रही।
रामजानकी मार्ग का चौड़करण हो रहा है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से कराया जा रहा निर्माण कार्य हैंसर पेट्रोल पंप तक पहुंच गया है। परंतु हैंसर बाजार में सड़क पर अतिक्रमण के कारण कार्य बाधित था। बृहस्पतिवार को एसडीएम बाबूराम, सीओ एके मिश्र व एसओ संतोष तिवारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और लोक निर्माण विभाग की तरफ से लगाए गए निशान तक हुए अतिक्रमण को हटवाने के लिए बुलडोजर चलवाया गया। इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले लोगों में खलबली मच गई। लंबे समय से इस जमीन पर काबिज लोगों की तरफ से प्रतिशोध की आशंका थी लेकिन प्रशासन का कड़ा रुख देख तमाम लोग स्वत: अतिक्रमण हटाने में जुट गए। देर शाम तक कार्रवाई चली।