धनघटा(संतकबीरनगर)। बाइक सवार बदमाशों ने महुली क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक होजरी व्यवसायी से साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, पर सफलता नहीं मिली। देर शाम दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
मुखलिसपुर निवासी राजेश कसौधन की कस्बे में ज्योति गारमेंट्स नामक फर्म है। खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में भी उनका कारोबार है। उन्होंने बुधवार को मुखलिसपुर के पूर्वांचल ग्रामीण बैंक से साढ़े चार लाख रुपये निकालकर घर गए। वहां से हेलमेट लेकर वह बाइक से एसबीआई की खलीलाबाद इंडस्ट्रियल एरिया शाखा में रकम जमा करने के लिए चले।
वह धनघटा- खलीलाबाद मार्ग पर स्थित घोरही पोखरे के पास पहुंचे तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया और धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद डिक्की में रखे साढ़े चार लाख रुपये निकाल कर खलीलाबाद की तरफ भाग गए।
पीड़ित ने बताया कि बदमाश बिना नंबर की काले रंग की पल्सर से आए थे। वह नीले रंग की जंीस और काले रंग की जैकेट पहने हुए थे। घटना से वह सहम गए, कुछ देर बाद उन्होंने अपने परिचित को फोन से जानकारी दी। उसके बाद तामेश्वरनाथ पुलिस चौकी पर पहुंच कर बताया।
कुछ देर बाद एसपी, सीओ और महुली एसओ भी पहुंचे और जानकारी लेकर पुलिस को सक्रिय किया। सांसद शरद त्रिपाठी भी पीड़ित के घर पहुंचे और एसपी को फोन कर लुटेरों को जल्द पकड़ने के लिए कहा। एसओ संतोष तिवारी ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।