लक्ष्मी प्रतिमा का रास्ता रोकने पर विवाद, प्रतिमा क्षतिग्रस्त
अमरडोभा स्थित एक मदरसा के निकट रोड जाम भी किया
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। थाना क्षेत्र के अमरडोभा स्थित एक मदरसा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखकर भटौली जा रहे एक लक्ष्मी प्रतिमा को सड़क जामकर रोक दिया गया। मौके पर मौजूद दर्जनों की संख्या में लोगों ने एक बुनकर नेता की अगुवाई में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को कब्जे में लेकर थाने पर आ गई। पीड़ित व्यक्ति ने कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
सुनील कन्नौजिया ने बताया कि वह कुछ लोगों के साथ वह ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लक्ष्मी प्रतिमा को अमरडोभा होते हुए भटौली ले जा रहे थे, लेकिन अमरडोभा स्थित एक मदरसा के पास पहुंचने पर रास्ते में दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे। मूर्ति को देखते ही एक बुनकर नेता ने ललकारते हुए मूर्ति पर हमला करते हुए प्रतिमा के हाथ, पैर को नुकसान कर दिया। मूर्ति के बाल व मुकुट भी तोड़ दिए। किसी प्रकार उन लोगों ने भागकर जान बचाई। बताया कि इस घटना में ड्राइवर अर्जुन, संदीप व मोहन विश्वकर्मा को चोट आईं हैं। बाद में सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मूर्ति को कब्जे में लेकर थाने पर आई। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक भी थाने पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।