वृद्घा से 40 हजार की छिनैती
विकास भवन की एसबीआई शाखा से पैसा निकाल घर जा रही थी महिला
संतकबीरनगर। बैंक से पैसा निकाल घर जा रही एक वृद्घा से शनिवार को बनकटिया गांव के पास बाइक सवार बदमाश ने 40000 रुपये रखा झोला छीन कर भाग निकला। वृद्घा के शोर मचाने के बाद आस-पास के लोग पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने घेरेबंदी की ,लेकिन बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर हो गया था।
क्षेत्र के नाऊडांड गांव निवासी 65 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी रामप्रीत शनिवार को अकेले विकास भवन की एसबीआई शाखा में पैसा निकालने आई थी। बैंक से 40000 रुपये निकाल कर झोले में रखी। उसी दौरान बैंक में पैसा निकाले आई उनकी रिश्तेदारी की महिला छांछापार निवासी दुर्गावती पत्नी रामकरन से मुलाकात हुई। सावित्री देवी रिश्तेदार महिला दुर्गावती के साथ टेपों से बनकिटया चौराहे तक गई और वहीं से दोनों उतर कर पैदल गांव की ओर जा रही थी। अभी कुछ ही दूर आगे पहुंची ही थी कि उसी दौरान बाइक से गुजरे एक बदमाश ने वृद्घा सावित्री के हाथ से रुपये रखा झोला छीन कर भाग गया। वृद्घा और रिश्तेदार महिला बदमाश को पकड़ने के लिए दौड़ी और शोर मचाई लेकिन बदमाश भागने में सफल हो गया। बाद में पहुंचे लोगों ने डायल 100 नंबर पर सूचना दी। उसके बाद पुलिस की टीम पहुंच गई। सावित्री देवी अपने पति रामप्रीत के साथ कोतवाली पहुंची। सावित्री ने बताया कि उसके पति रामप्रीत राजगीर मिस्त्री थे। उन्हे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। घर बनवाने के लिए वह बैंक से 40000 रुपये निकाल कर झोले में रखी थी, जिसे बदमाश छीन ले गया। आगे बताया कि बैंक में उनका विड्राल एक युवक भरा था। उसके बाद वह पैसा निकाली थी। बदमाश की पहचान बता पाने में असमर्थता जाहिर की। कोतवाल राकेश सिंह यादव ने बताया कि अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाश को चिह्नित भी कर लिया गया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।