घर में घुसकर मारपीट का आरोप
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली के गांव भुजैनी की रहने वाली जनक नंदिनी ने अपने पड़ोसियों पर जमीन संबंधी विवाद में आए दिन घर में घुसकर मारने-पीटने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि कई बार शिकायती पत्र देने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती है।
एसपी को अपनी पीड़ा सुनाने पहुंची जनकनंदिनी के अनुसार घर के बगल में स्थित एक जमीन को लेकर पड़ोसियों से विवाद है। इस मामले में उसे कोर्ट से स्टे भी मिला है। इसके बावजूद बुधवार को दूसरे पक्ष के लोग विवादित जमीन पर मिट्टी भर रहे थे। विरोध करने पर उसे तथा उसके पति को घर में घुसकर मारा। प्रभारी कोतवाल मोतीचंद ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी रजामंदी से समझौता कर लिया। कोई तहरीर नहीं दी गई है। जमीन संबंधी विवाद पुराना है।