कोतवाली में वाहन के साथ पकड़े गए अपराधी।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से सोमवार को दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लुटेरों के पास से लूटी गई बाइक और 1000 नकदी भी बरामद हुआ। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास घेरेबंदी कर दो शातिर लुटेरों को पकड़ा गया। पूछताछ में पकड़े गए लुटेरों की पहचान प्रमोद यादव पुत्र हरिराम यादव निवासी गुल्हरिया ढेलुआखोर कोतवाली और अंकित उर्फ प्रभात यादव पुत्र इंद्रासन उर्फ इंदल यादव निवासी सहिजना वार्ड नंबर एक सहजनवा जिला गोरखपुर के रूप में हुई। पकड़े गए लुटेरों के पास से बाइक और 1000 रुपये बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाइक और 20 हजार रुपये 23 जुलाई को गिरधरपुर के पास से शिवशंकरपुर निवासी नंद कुमार सिंह को मारपीट कर लूटा गया था। बरामद बाइक और 1000 रुपये लूट के हैं। पूर्व में लुटेरा प्रमोद यादव ने महुली क्षेत्र के गिठनी में एक युवक की हत्या को अंजाम दिया था और जेल भेजा गया था। इसके अलावा टॉवर वालों से रंगदारी मांगने के मामले में भी प्रमोद यादव के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। बाइक को सीज कर दिया गया हैं।