संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के नगवा गांव में सोमवार को एक युवक ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग लगा ली। इधर, उसकी बीमार मां पहले से ही जिला अस्पताल में भर्ती थी। घटना के बाद गांव वालों की सूचना पर 108 नंबर की एबुलेंस पहुंची और झुलसे युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक को शराब पीने का लत है।
नगवा गांव निवासी मटेलू मौर्या पुत्र रणजीत ने बताया कि उसका छोटा भाई अच्छे लाल (20) शराब पीने का आदी है। रविवार की शाम अच्छे लाल शराब पीकर घर पहुंचा और मां सावित्री देवी से विवाद करने लगा। मां ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना तो मां सदमे की वजह से बेहोश हो गई। रात में ही बीमार मां को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
इधर, सोमवार को दिन में करीब 11 बजे घर में ही छोटे भाई अच्छे लाल ने खुद अपने शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। उसके शोर मचाने पर उसकी पत्नी ने दौड़ कर शॉल फेंककर किसी तरह आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया था। घटना के बाद आस-पास के लोग मौके पर जुटे और एंबुलेंस बुलाई। डॉक्टरों ने अच्छे लाल को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जहां उसका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बनी हुई है। भाई रणजीत के मुताबिक अच्छे लाल ड्राईवर का काम करता है। नशे में कई बार वह उल्टी-सीधी हरकतें कर चुका है जिसकी वजह से घर के लोग परेशान रहते हैं। तीन भाइयों में अच्छे लाल सबसे छोटा है। पिता और दोनों बड़े भाई मजदूूूरी करके घर का खर्च चलाते हैं। चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट धर्मेंद्र तिवारी ने घटना की पुष्टि की।