संतकबीरनगर। स्कूल से घर लौट रही छात्रा से सोमवार को रास्ते में युवक ने छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक ने छात्रा की पिटाई भी कर दी। देर शाम छात्रा को लेकर परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी कक्षा आठवीं में पढ़ती है। सोमवार को पहला दिन छात्रा स्कूल गई थी। स्कूल से पढ़ कर छात्रा घर लौट रही थी। उसी दौरान रास्ते में युवक ने छात्रा से छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने जमकर विरोध किया और युवक ने उसकी पिटाई कर दी।
घटना की जानकारी किसी को देने पर युवक ने छात्रा को जानमाल की धमकी भी दी। रोते हुए छात्रा घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। घर के पुरुष सदस्यों को मामले की जानकारी हुई तो लोग परेशान हो गए।
पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी युवक के पिता ने केस नहीं दर्ज कराने की दुहाई देते हुए बेटे के कृत्य के लिए माफी भी मांगी, लेकिन क्या भरोसा है कि उसकी बेटी फिर अकेली स्कूल जाए और आरोपी युवक दोबारा छेड़खानी न करे। ऐसे में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दे दी गई है। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।