बखिरा। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे बखिरा क्षेत्र के बरईपार गांव के मोड़ पर पिकअप ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप में सवार एक व्यक्ति भी घायल हो गया। जबकि चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची बखिरा पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
बखिरा-सहजनवां मार्ग पर बरईपार गांव के निकट सहजनवां की तरफ से आ रही पिकअप ने बरईपार गांव से मुख्य मार्ग पर आने के लिए मुड़ी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मैजिक भी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इससे मालवाहक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर मौके से भाग निकला। वहीं मैजिक सवार कुड़ावल खुर्द गांव निवासी चंद्रभान यादव और बाइक सवार मेंड़रापार गांव निवासी कन्हैया व दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे एसओ सुधीर सिंह, चौकी इंचार्ज मनोज सिंह, एसआई अरुण पांडेय, मनोज कुशवाहा ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसओ ने बताया कि घटना के बाद ड्राइवर मौके से भाग गया था। अभी मामले की तहरीर नही मिली है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।