संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबार क्षेत्र के मीरगंज के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक गैस एजेंसी कर्मचारी को असलहा दिखाकर 36 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाश कांटे की तरफ भाग निकले। सूचना पर एएसपी और कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच का जांच पड़ताल की।
खलीलाबाद गैस सर्विस से भरे हुए सिलेंडरों को लेकर कर्मचारी वारिस अली और गिरजेश कुमार कांटे गए थे। वहां से वह सिलेंडरों का वितरण कर वापस लौटे और कुछ सिलेंडर मीरगंज में वितरित किए। दिन के करीब तीन बजे एजेंसी कर्मी मीरगंज से खलीलाबाद की तरफ बढ़े। उसी दौरान मीरगंज शिवमंदिर के पास बाइक से आए दो लोगों ने वाहन को रोककर सिलेंडर की मांग की। कर्मी वारिस अली वाहन से उतर कर बात करने लगा उसी दौरान बाइक सवारों ने असलहा दिखाकर बैग छीन लिया। इसके साथ ही दोनों कर्मचारियों के पास मौजूद चार मोबाइल भी लेकर कांटे की तरफ भाग निकले। कर्मियों ने घटना की सूचना आसपास के लोगों की मदद से अपने मालिक को दी। सूचना पर एएसपी असित श्रीवास्तव, कोतवाल सौदागर राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित कर्मियों से घटना की जानकारी ली। गैस एजेंसी के प्रोपराइटर प्रवीण चंद पांडेय ने बताया कि 46 सिलेंडर का 36 हजार रुपया व चार मोबाइल बाइक सवारों ने लूट लिया है। कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाल सौदागर राय ने बताया कि लूट की सूचना पर वे मौके पर गए थे। तहरीर मिली है जांच की जा रही है।