संतकबीरनगर। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिस कार्यालय में बुधवार को पहले अपराधों की समीक्षा की। बाद में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं जानी।
एसपी ने पूर्व में हुई हुई लूट, चोरी, हत्या व अवैध कच्ची शराब, अवैध खनन जैसी घटनाओं के बारे में चर्चा की। जिन मामलों में अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है, उनके पर्दाफाश पर जोर दिया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए थानाध्यक्षों को चेतावनी दी।
पुराने मामलों के निस्तारण, जनशिकायत के जरिए प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के संबंध में कड़े निर्देश दिए। शहर व ग्रामीण इलाकों में पैदल गश्त, साइबर अपराध रोकथाम संबंधी प्रचार प्रसार, साक्ष्य के आधार पर विवेचनाओं का निस्तारण एवं अभियुक्तों के प्रति वैधानिक कार्रवाई, निरोधात्मक कार्रवाई में गुंडा/ गैगेस्टर एक्ट के अंतर्गत अभियान चलाकर प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी करने और पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी करने पर बल दिया। इस दौरान एएसपी असित श्रीवास्तव , सीओ सदर रमेश कुमार, सीओ धनघटा अशोक कुमार मिश्र ,सीओ मेंहदावल आनंद कुमार पांडेय, रीडर एसपी सूर्य प्रताप गौतम, प्रभारी मीडिया सेल संजय कुमार पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार सिंह , प्रधान लिपिक रेखा जायसवाल, प्रभारी आंकिक शाखा महेश सिंह, कोतवाल सुधीर सिंह आदि उपस्थित रहे।