एटीएम कार्ड बदलकर साढ़े तेरह हजार रुपये निकाले
एसओ ने कहा, तहरीर मिलेगी तो दर्ज होगा केस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गौरा गांव निवासी एक युवक का एटीएम बदलकर जालसाज ने उसके खाते से साढ़े तेरह हजार रुपये निकाल लिए। पैसा निकल जाने का मैसेज मिलते ही युवक बैंक पहुंचा और खाता बंद कराया। सूचना पर बैंक पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जगदीशपुर गौरा निवासी राम नारायण कन्नौजिया ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक नाथनगर में उसका खाता है। बुधवार को वह पीएनबी नाथनगर के एटीएम से पैसा निकालने गया था। एटीएम बूथ में मौजूद एक युवक ने मदद की। थोड़ी ही देर बाद जब उसके मोबाइल पर साढ़े चार हजार रुपया निकाले जाने का मैसेज मिला तो वह परेशान हो गया। वह तत्काल बैंक पहुंचा और शाखा प्रबंधक से खाता लॉक करने को कहा। खाता लॉक होता इससे पहले ही दो बार में पुन: नौ हजार रुपये निकलने का अलग-अलग मैसेज आ गया। इस तरह तीन बार में कुल साढ़े तेरह हजार रुपये निकल गए। महुली एसओ शैलेंद्र कुमार राय का कहना है कि युवक की सूचना पर पुलिस बैंक गई थी लेकिन उसने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलती है तो केस दर्ज किया जाएगा।