मेंहदावल के बीमापार चौराहे पर करंट से झुलसे लोगों को इलाज के लिए भेजवाते गांव वाले।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल। क्षेत्र के बीमापार चौराहे पर हाई वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में आने ट्रक में आग लग गई। ट्रक में सवार ड्राइवर समेत तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। उन्हें सीएचसी मेंहदावल ले जाया गया।
जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद सड़क पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा।
रविवार को सुबह करीब आठ बजे हरियाणा से चलकर एक ट्रक नेपाल जा रहा था। वह बीमापार तिराहे को क्रास करते समय ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्टेज के तार में छू गया। इससे पूरे ट्रक में आग लग गई और ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
गांव वालों ने बिजली सप्लाई बंद कराकर पानी, बालू से किसी तरह आग पर काबू पाया। ड्राइवर समेत झुलसे तीन लोगों को बाहर निकाला। 108 नंबर एंबुलेंस के न आने पर गांव वालों ने तीनों घायलों को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया।
डॉक्टर ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया। घायलों में ड्राइवर रामपाल (30) पुत्र भगवान दास जिला मैनपुरी, खलासी अवधेश (31) पुत्र रचपाल सिंह जिला मैनपुरी व यात्री बुधिराम पुत्र रामललित परसा शुक्ल थाना धर्मसिंहवा शामिल हैं। घटना की सूचना पर पहुंचे एसओ गौरव सिंह ट्रक को अपने कब्जे लेकर सड़क से किनारे करवाया और जाम को समाप्त किया।