बागेश्वर। शराब के नशे में धुत पल्सर बाइक सवार दो शिक्षक सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों से टकरा गए। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में एक बच्चा बालबाल बचा। वहां मौजूद लोगों ने शिक्षकों को घेर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान काट दिया। आरोपी सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं।
रविवार दोपहर पल्सर सवार राजेंद्र सिंह और भरत सिंह बागेश्वर से रीमा लौट रहे थे। तभी पिंडारी रोड पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों से जा टकराई। पास ही खड़ा एक बच्चा दीपक बाइक की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। दुर्घटना में बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों सवारों को भी हल्की चोट आई। क्षतिग्रस्त वाहन के मालिकों और स्थानीय लोगों ने पल्सर सवारों को घेर लिया।
दोनों शराब के नशे में धुत मिले। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और पल्सर सवारों को वाहन समेत कोतवाली ले आई। कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है। आरोपी ही क्षतिग्रस्त वाहनों की मरम्मत कराएंगे। दोनों आरोपी सरकारी स्कूूल में शिक्षक हैं। एक कांडा के बिडौली जूनियर हाइस्कूल तो दूसरा रवाईखाल के गढ़खेत प्राथमिक स्कूल में कार्यरत है।