पानी में डूबने से मासूम की मौत
हैंडपंप के पास खुदे गड्ढे में गिरा था रौनक
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। क्षेत्र के सोनडीहा गांव में शनिवार की दोपहर हैंडपंप के पास खोदे गए गड्ढे में एकत्र पानी में एक वर्षीय मासूम गिर गया। परिजन तलाश करते हुए उसके पास पहुंचे तो उसकी हालत गंभीर थी। लोग उसे सीएचसी मलौली पर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
गांववालों का कहना है कि पंचम के दरवाजे पर हैंडपंप लगा है। पानी निकलने की जगह न होने से गड्ढा खोदकर उसमें हैंडपंप से निकला पानी गिराया जाता है। पंचम का एक वर्षीय बेटा दरवाजे पर खेल रहा था। वह खेलते-खेलते गड्ढे में कब जाकर गिर गया, इस बात की जानकारी परिजनों को नहीं हो पाई। कुछ देर बाद जब उसकी मां बेटे की तलाश अगल-बगल के घरों में की, लेकिन पता नहीं चला। इसी बीच जब दरवाजे पर खोदा गया गड्ढा में भरा पानी पर लोगों की नजर पड़ी तो बालक उसमें डूबा हुआ दिखा। मासूम की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया।