मतगणना कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण
संतकबीरगर। प्रशासन ने मतगणना की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को मतगणना ड्यूटी में लगे कार्मिकों को पहला प्रशिक्षण विकास भवन परिसर में स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में दिया गया। दो पॉलियों में कुल 228 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।
सीडीओ सुरेंद्रनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि दस मार्च को एचआरपीजी कॉलेज में मतगणना होगी। इसके लिए 57 पार्टियां बनाई गई हैं। मतगणना कार्य में 228 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्र में 14-14 टेबल पर गणना की जाएगी। जबकि दो टेबल अतिरिक्त होगा। इसमें एक टेबल आरओ का और दूसरा टेबल प्रेक्षक का होगा। तीन-तीन पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक और एक माइक्रो आब्जर्वर होंगे। इस प्रकार प्रत्येक टेबल पर चार-चार कार्मिकों की ड्यूटी रहेगी। शनिवार को दो पॉलियों में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। पीपीटी यानी पॉवर प्वाइंट ट्रेनिंग के माध्यम से उन्हें प्रशिक्षित किया गया। कंट्रोल यूनिट से रिजल्ट का बटन दबाकर उम्मीदवार वार मिले वोट का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। मतगणना से जुड़ीं सभी बारीकियां बताई गईं। इस दौरान डीडीओ सुदामा प्रसाद, पीडी उमाकांत त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम जीशान रिजवी, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
पोटल बैलेट की गणना के लिए बनी दस टीमें
डीसीएलआरएलएम जीशान रिजवी ने बताया कि पोस्टल बैलेट की गणना के लिए दस टीमें बनाई गई है। प्रत्येक टीम में दो राजपत्रित अधिकारी शामिल किए गए हैं। इसके अलावा दो गणना सहायक और एक एआरओ होगे। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में दो टीम, खलीलाबाद विधानसभा में तीन टीम और धनघटा विधानसभा में चार टीमें गठित है। सर्विस वोटर कुल 2021 है। जिसमें से अभी तक 300 पोस्टल बैलेट प्राप्त हो चुका है। जबकि जो कर्मचारियों के 921 पोस्टल बैलेट दूसरे जनपदों में भेजा गया है,उसमें से करीब 125 पोस्टल बैलेट अभी तक प्राप्त हो चुका है। मतदान डयूटी में लगे 3000 कार्मिकों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। दिव्यांग और 80 वर्ष से ऊपर वाले वोटरों के घरों तक मोबाइल टीमें भेजी गई थी। ऐसे 257 लोगों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया गया। अब तक जो पोस्टल बैलेट प्राप्त हुआ है ,उसी सील बॉक्स में डबल लॉक में सुरक्षित रखवा दिया गया है।