अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देते हैं सभासद
धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के सभासदों ने कई महीनों से बोर्ड बैठक की धनराशि का भुगतान न होने और विभिन्न विकास कार्यों की निविदाएं कार्यालय पर चस्पा नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है। सभासदों ने शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा को ज्ञापन देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को दिए पत्र में कहा कि वे नगर पंचायत धर्मसिंहवा के वर्तमान निर्वाचित सभासद हैं। बोर्ड बैठकों में सभासदों की सहभागिता रहती है, लेकिन कई महीनों से बोर्ड बैठक से संबंधित निर्धारित धनराशि का भुगतान नहीं किया गया है। इससे सभासदों में असंतोष है। उन्होंने मांग की कि लंबित धनराशि का भुगतान जल्द कराया जाए, ताकि सभासदों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके बावजूद कई मामलों में टेंडर की निविदा कार्यालय के सूचना पट पर चस्पा नहीं की जाती है।
सभासदों ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि निविदाओं की सूचना नियमानुसार सार्वजनिक किए जाने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहेगी और लोगों को भी विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।
सभासद शशिकपूर राय, अनवर हुसैन, वसी अहमद, अरुणेंद्र राय, वीरेंद्र पाठक, राजेंद्र प्रसाद और राजकुमार शर्मा ने अधिशासी अधिकारी से मांग की कि बोर्ड बैठक की लंबित धनराशि का भुगतान शीघ्र कराया जाए तथा नगर पंचायत में जारी होने वाली निविदाओं को नियमानुसार कार्यालय के सूचना पट पर चस्पा कराया जाए। साथ ही नगर पंचायत के विकास कार्यों और निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की। लोगों ने कहा कि नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी है।