पांच माह बाद कोरोना पॉजिटिव केस मिला, 65 वर्षीय महिला हुई संक्रमित
संतकबीरनगर। जिले में करीब पांच माह बाद कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। संक्रमित महिला की जांच बस्ती जिले में हुई थी। जिले पर सूचना आई तो अधिकारी सकते में आ गए। महिला के परिजनों की भी कोरोना जांच कराई जाएगी।
बस्ती जनपद से बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आई कि सेमरियावां क्षेत्र की 65 वर्षीय महिला की कोरोना आरटीपीसीआर जांच पॉजिटिव आई है। महिला वर्तमान में बस्ती जिले में रहती है, पर उसका मूल निवास सेमरियावां क्षेत्र है। सूचना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। करीब पांच माह बाद जिले में पॉजिटिव का पहला केस मिला है। इससे पूर्व जिले को कोरोना मुक्त घोषित किया जा चुका है। हालत यह है कि पूरे जिले में कहीं भी लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं। इसके साथ ही सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा है। जिले में कोरोना मरीज मिलने से अधिकारी भी सकते में हैं। सीएमओ डॉ इंद्रविजय विश्वकर्मा ने कहा कि एक महिला पॉजिटिव पाई गई है, हालांकि वह बस्ती जनपद में है। फिर भी उसके परिजन और संपर्क में आने वाले लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। जिले में कोरोना का मामला पांच माह बाद आया है। यह चिंता का विषय है। लोग मास्क लगाकर ही बाहर निकलें और सामाजिक दूरी का पालन करें।