पंखा, कूलर हो गए हैं अनुपयोगी, उमसभरी गर्मी में उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत साड़े खुर्द के विद्युत उपभोक्ता कई दिनों से लो-वोल्टेज से परेशान हैं। लो-वोल्टेज के कारण न तो इनवर्टर चार्ज हो पा रहे हैं न कोई विद्युत पर आधारित मशीनरी उपकरण प्रयोग में आ रहा है। जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है।
मेंहदावल विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत साड़े खुर्द में करीब 175 विद्युत उपभोक्ता हैं, जो लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। विद्युत निगम के जिम्मेदारों को शिकायत करने के बाद भी समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण जितेंद्र शर्मा, विजय सिंह, अजय सिंह, सीताराम शर्मा, मुकेश शर्मा, जालंधर सिंह और श्याम करन आदि का कहना है कि इस ग्राम पंचायत के विद्युत उपभोक्ता लंबे समय से लो-वोल्टेज से परेशान हैं। जिस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां इनवर्टर चार्ज नहीं हो पा रहे हैं तो दूसरी तरफ उमसभरी गर्मी में पंखा व कूलर भी बेकार हो गए हैं। विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर शिकायत दर्ज करने के बाद भी सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। अधिशासी अभियंता सरोज कुमार का कहना है कि लो-वोल्टेज की समस्या संज्ञान में है। संबंधित अवर अभियंता को समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया गया है।