धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार-धनघटा स्थित धनघटा कस्बे में विवादों में घिरे सीसी रोड का सोमवार को अवर अभियंता की निगरानी में निर्माण कार्य शुरू हुआ। मानक के अनुसार सीसी रोड को लेकर कस्बे व ठेकेदार के बीच जारी गतिरोध के चलते सड़क निर्माण पिछले दो माह से ठप पड़ा हुआ था। रविवार को सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ तो कस्बे के नागरिक मानक का हवाला देते हुए कार्य को रुकवा दिया था।
सोमवार की सुबह अधिकारियों के निर्देश पर नगर पंचायत में तैनात अवर अभियंता सुप्रिया भारती कार्य स्थल पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने उनसे सड़क निर्माण में मानक का पालन किए जाने की मांग की। जेई के साथ नागरिकों की वार्ता के बाद सीसी रोड का निर्माण शुरू हुआ। जेई ने कहा कि मौजूदा कार्य मानक के अनुरूप कराया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नही बरती जा रही है।