संतकबीरनगर। आमी नदी सिद्धार्थनगर जिले से निकलकर संतकबीरनगर और गोरखपुर के सीमावर्ती इलाके से होकर बहती है। बरसात के दिनों में नदी में बाढ़ आ जाने से आसपास के तमाम गांव जलमग्न हो जाते हैं।
इससे किसानों की खेती भी बर्बाद हो जाती है। ऐसे में आमी नदी के दोनों तरफ बांध बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके लिए ड्रोन सर्वे भी शुरू हो चुका है, जिससे लोगों के बीच राहत की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि कसबा मगहर सहित घनश्यामपुर, धौरहरा, कूईकोल, रसूलाबाद, मोहम्मदपुर कठार, मोहिउद्दीनपुर गांव के अलावा गोरखपुर जिले में पड़ने वाले मोहम्मदपुर, महराबारी, भरपाही, बौडरा, बुआशाहीद, कसरवल, खीरीढाड़, हरदी, रानीपुर आदि गांव आमी नदी की बाढ़ की जद में आ जाते हैं।
इससे किसानों के साथ आसपास रहने वाले लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है। यह गांव लगभग पानी से घिर जाते हैं। इससे इनके रहन-सहन व दैनिक जीवन पर भी असर पड़ता है। संवाद न्यूज एजेंसी ने ऐसे कुछ लोगों से बांध बनने पर उनके मन की बात जानने की कोशिश की है।