संतकबीरनगर। शहर में जाम की समस्या दूर करने के लिए चारों तरफ रिंग रोड बनाने की योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। बालूशासन से जोरवा होकर चकदही तक रिंग रोड की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि बघौली से मंझरिया होकर रिंग रोड के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी का इंतजार है। लोगों को कहना है कि शहर के चारों तरफ रिंग रोड बन जाए तो शहर में जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
जिला मुख्यालय होने के बाद नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की आबादी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में पालिका क्षेत्र की आबादी एक लाख से ऊपर पहुंच गई है। छोटे- बडे़ वाहन शहर से होकर गुजरते हैं, जिसके कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने जिला मुख्यालय के चारों तरफ रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसमें बालू शासन ने जोरवा होकर चकदही तक रिंग रोड बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन भूमि अधिग्रहण का कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है,जिसके चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। हालांकि भुवरियां से पायलपार तक 29 करोड़ की लागत से रिंग रोड बनाया गया है। जिससे होकर बस्ती से धनघटा की ओर जाने वाले वाहन इस मार्ग से होकर आ- जा रहे हैं, लेकिन मेंहदावल से धनघटा की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को अब भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यदि बालूशासन-जोरवा-चकदही रिंग रोड बन जाए तो लोगों को राहत मिलेगी।
0
बघौली-मंझरिया रिंग रोड का प्रस्ताव अधर में
जिला प्रशासन ने बघौली से मंझरिया होकर रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। करीब दो साल पहले भेजे गए इस प्रस्ताव पर अब तक शासन की मंजूरी नहीं मिल पाई है। यह रिंग रोड धौरहरा, मंझरिया होकर चकदही के पास मिलेगी। लोगों का कहना है कि यदि इस रिंग रोड की स्वीकृति मिल जाए तो बड़े वाहन इस रिंग रोड से ही धनघटा की तरफ निकल जाएंगे। जिससे शहर में जाम की समस्या से राहत मिलेगी। क्षेत्रीय निवासी अजय कुमार, आलोक सिंह आदि ने कहा कि बघौली से मंझरिया होकर रिंग रोड बनाया जाना आवश्यक है। इसके बनने से काफी हद तक राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
0
बालूशासन से जोरवा होकर चकदही रिंग रोड की स्वीकृति मिल चुकी है। भूमि अधिग्रहण के लिए प्रक्रिया शुरू कराई गई है। इसके साथ ही भुवरिया से पायलपार तक रिंग रोड बन गया है, जिस पर आवागमन हो रहा है। बघौली से मंझरिया रिंग रोड की स्वीकृति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रिंग रोड बनने से शहर में जाम की समस्या दूर हो जाएगी। -आलोक कुमार, डीएम