संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में मंगलवार को संविधान दिवस के अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महराजगंज के पूर्व प्राचार्य व प्रोफेसर डीएन पांडेय ने कहा कि संविधान भारतीय जीवन दर्शन की अभिव्यक्ति है। भारतीय संविधान ने देश के समक्ष आए हर संकट का सामना किया है।
आगे कहा कि संविधान लागू होने का 75 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं। भारतीय संविधान हर दृष्टि से सफल रहा है। इसमें समानता, स्वतंत्रता शोषण से सुरक्षा उपासना की स्वतंत्रता संवैधानिक उपचार जैसे मूल्य समाहित हैं।
वहीं राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. शशिकांत राव ने कहा कि भारत का संविधान एक जीवन पद्धति है। इसमें प्रदत्त अधिकारों का सम्मान करते हुए इस पद्धति को प्रत्येक नागरिक के जीवन में आत्मसात होना चाहिए। इसके मूल्यों को आत्मसात किया जाना चाहिए। संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनोज भारतीय और आभार ज्ञापन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हेमेंद्र शंकर ने किया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर प्रताप विजय कुमार, प्रोफेसर विजय कुमार राय, डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह, डॉ. मनोज मिश्र, मनोज वर्मा, डॉ. अनुभव श्रीवास्तव, डॉ. अमित मिश्र, शुभ राय आदि मौजूद रहे।