रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के पौली सेंट्रल बैंक की मिनी शाखा से पैसा निकाल कर घर तिलकुपुर जा रहे बुजुर्ग से बैंक की मुख्य शाखा से तकरीबन तीन सौ मीटर की दूरी पर बुधवार दोपहर टप्पेबाजों ने 10 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
तिलकूपुर गांव निवासी परमात्मा पाल ने बताया कि वह साइकिल से पौली पैसा निकालने के लिए गए थे। पौली स्थित सेंट्रल बैंक की मुख्य शाखा रोसया बाजार के सामने मिनी ब्रांच से उन्होंने सुबह करीब 11 बजे 10 हजार रुपये निकाला। उसको लेकर चौराहे से दक्षिण गौवापार रोड पर जैसे ही मुड़े कि अचानक दो लोग आ गए और उनसे कुछ कागज के बारे में पूछने लगे।
उन लोगों ने कहा कि उनकी पेंशन बढ़ गई है। वह कागज दिखा दें। सीधे-साधे स्वभाव के परमात्मा पाल ने बैंक पासबुक समेत जेब में जो कागज थे, सब दिखा दिया। साथ में जेब से पैसा भी निकल गया। उन लोगों ने सारे कागज एक पन्नी में रखा कुछ और कागज लौटा दिया और धीरे से रुपये निकाल लिए। बुजुर्ग जब घर पहुंचे तो पैसे की जगह पन्नी में रखे कागज मिले। वह भौचक रह गए। इसकी सूचना उन्होंने पौली चौकी को दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुट गई है। सीओ अभय मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।