जिलाअस्पताल में चिकित्सक को दिखाने के लिए बैठे मरीज।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
जिला अस्पताल में जल्द ही मरीजों को मिलेगी कंप्यूटरीकृत पर्ची
- रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मरीज करा सकेंगे इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में अब मरीजों को हाथ से बनी पर्ची नहीं मिलेगी। उन्हें कंप्यूटरीकृत पर्ची दी जाएगी। मरीजों का कंप्यूटर पर रजिस्ट्रेशन होगा। उन्हें रजिस्ट्रेशन नंबर भी मिलेगा, ताकि जब वह दोबारा आएंगे तो उन्हें उसी नंबर से चिकित्सक को दिखा सकेंगे।
संयुक्त जिला अस्पताल में प्रतिदिन 1,500 से 1,600 मरीज ओपीडी में इलाज कराने के लिए आते हैं। इन मरीजों को ओपीडी के बाहर हाथ से बनी पर्ची बनाकर दी जाती है। पर्ची काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लगती है। पर्ची बनवाने के बाद मरीज चिकित्सक के पास जाते हैं और इलाज कराते हैं। अगर पर्ची गायब हो जाती है तो दूसरी पर्ची बनवानी पड़ती है। अब जिला अस्पताल में पीजीआई लखनऊ की तर्ज पर कंप्यूटरीकृत पर्ची देने का कार्य शुरू होगा। इसमें मरीजों का पूरा ब्योरा रहेगा। किस चिकित्सक को दिखाना है और कौन सी बीमारी है। मरीज को एक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाएगा। उसी रजिस्ट्रेशन नंबर पर वह अस्पताल में कभी भी इलाज करा सकेंगे।
कंप्यूटरीकृत पर्ची बनाने की योजना जल्द ही शुरू होगी, इसके लिए शासन ने भी पहल की है। मरीज को एक बार रजिस्ट्रेशन नंबर मिल जाएगा, उसी आधार पर वह अस्पताल में अपना इलाज करा सकेगा। इससे अस्पताल में मरीजों की भीड़ भी कम होगी।
- डॉ. ओपी चतुर्वेदी, सीएमएस