सी-विजिल एप से करें चुनाव संबंधी शिकायत, 100 मिनट में होगा निस्तारण
संतकबीरनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 में निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सी-विजिल (नागरिक सतर्कता) एप तैयार किया है। इस एप पर शिकायत के 100 मिनट के अंदर शिकायतों का निस्तारण अनिवार्य रूप से हो जाएगा।
विधानसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए निर्वाचन आयोग व जिला प्रशासन नए तरीके अपना रहा है। डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि वर्तमान में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराने एवं निर्वाचन संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सी-विजिल एप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि सी-विजिल का आशय नागरिक सतर्कता से है और इसमें नागरिकों द्वारा निर्वाचन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन के लिए परस्पर सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने पर बल दिया गया है। उन्होंने जनसामान्य को सी-विजिल एप के बारे में बताते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट में देरी के परिणाम स्वरूप अक्सर अपराधी निर्वाचन आयोग के उड़नदस्तों की नजर से बच निकलते हैं। इसके अतिरिक्त भौगोलिक स्थिति विवरणों की सहायता से घटना स्थल की तुरंत और सही ढंग से पहचान करने में यह सहायक है। डीएम ने कहा कि सी-विजिल एप पर की गई शिकायत को मात्र 100 मिनट में निस्तारित करना होता है। इसलिए निर्वाचन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सी-विजिल एप का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से सी-विजिल एप डाउनलोड कर सकता है। इस एप की एक विशेषता यह है कि यह उड़नदस्तों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए डिजिटल साक्ष्य सुनिश्चित करने के लिए एप के भीतर से ऑटो लोकेशन कैप्चर करने के साथ जीवंत फोटो, वीडियो देता है।
उन्होंने बताया कि इस एप को कैमरा, अच्छे इंटरनेट कनेक्शन और जीपीएस एक्सेस वाले किसी भी एंड्रॉइड स्मार्टफोन पर इंस्टॉल किया जा सकता है। इस एप को प्रयोग करते हुए नागरिक राजनीतिक कदाचार की घटनाओं के घटने के कुछ ही मिनटों में उनकी तत्काल रिपोर्ट कर सकते हैं, जिसके लिए रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में तत्काल जाने की जरूरत नहीं होती। सी-विजिल एप की विशेषता बताते हुए उन्होंने कहा कि सी-विजिल एप केवल उन्हीं राज्यों की भौगोलिक सीमा के भीतर काम करेगा जहां निर्वाचन चल रहे हैं। सी-विजिल उपयोगकर्ता को फोटो खींचने या वीडियो बनाने के बाद किसी घटना की रिपोर्ट करने के लिए पांच मिनट का समय मिलेगा। यह एप पहले से रिकॉर्ड की गई इमेज, वीडियो को अपलोड करने की अनुमति नहीं देगा, न ही यह उपयोगकर्ता को सीधे फोन गैलरी में इस एप के द्वारा खींची गई फोटो, वीडियो को सुरक्षित रखने की अनुमति देगा। सिस्टम के दुरुपयोग को रोकने और एक ही स्थान से एक ही तरह की शिकायतों से बचने के लिए सिस्टम एक ही व्यक्ति द्वारा अगली शिकायत के बीच पांच मिनट का अंतराल रखता है। संवाद