- पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य ने सीएचसी सेमरियावां और जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
- प्रसूताओंं ने बाहरी दवा लिखने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। बृहस्पतिवार को पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने जिला अस्पताल, सीएचसी सेमरियावां और ब्लॉक का निरीक्षण किया। सीएचसी सेमरियावां में प्रसव कराकर घर पहुंची प्रसूताओं ने फोन पर हुई बातचीत में अस्पताल में प्रसूता महिलाओं से तीन हजार रुपये सुविधा शुल्क वसूल किए जाने और बाहर की दवाएं लिखे जाने की बात कही। इस दौरान बोर्ड के सदस्य नाराज दिखे और ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी।
पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल सीएचसी में दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी लैब, लेबर रूम का निरीक्षण किया। मरीजों से दवा मिलने के बारे में जानकारी ली। नर्स के ड्यूटी रूम में पहुंच कर प्रसव रजिस्टर खंगाला। रजिस्टर के जरिए प्रसूताओं से संपर्क कर बातचीत कर जच्चा-बच्चा का हाल जाना।
निरीक्षण के दौरान ही फोन पर पिपरा गोविंद गांव की प्रसूता फरहीन, मूड़ाडीहाबेग की बीना और बढ़यामाफी गांव की सजीदुन्निशा ने बताया कि प्रसव के दौरान तीन तीन हजार सुविधा शुल्क लिया गया और बाहर की दवाएं लिखी गईं। जिसमें पांच से छह हजार खर्च करना पड़ गया।
इसके अलावा पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य ने दवा स्टाॅक रजिस्टर के बारे में भी जानकारी ली। कहा कि निरीक्षण के दौरान प्रसूताओं से वसूली और बाहरी दवा लिखने की बात सामने आई है जो कि जांच का विषय है। इसके लिए सीएमओ से बातचीत की जाएगी। खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सरकारी योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली। इससे पूर्व जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों से बातचीत की।
इस दौरान सुधीर सिंह पटेल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत दीप श्रीवास्तव, अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा, एडीओ कृषि राकेश सोनी, शिवमूरत मौर्या, अब्दुल लतीफ, बिमला यादव, देव प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।