- नौ केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा, सघन जांच के बाद केंद्र के भीतर मिलेगा प्रवेश
- दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचेंगे परीक्षार्थी
- पहली पाली में शामिल होंगे 2616 अभ्यर्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस भर्ती परीक्षा शुक्रवार और शनिवार को जिले के नौ केंद्रों पर आयोजित होगा। इस परीक्षा में पहले दिन दोनों पाली में 5232 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसको लेकर प्रशासन ने पहले से ही कड़ी तैयारी कर रखी है। परीक्षार्थी दो घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे और तलाशी के बाद ही उन्हे केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस भर्ती परीक्षा 30 व 31 अगस्त को जिले के सभी नौ केंद्रों पर आयोजित होगी। 23 अगस्त से पुलिस भर्ती परीक्षा शुरु हुई थी। जिसके लिए जोन, सेक्टर व सब सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। जनपद में 26160 अभ्यर्थी को परीक्षा देना था। एक पाली में 2616 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। अभ्यर्थी सघन जांच के बाद ही केंद्र के भीतर प्रवेश पा सकेंगे। इसके बाद बायोमेट्रिक जांच के बाद उनको परीक्षा कक्ष के भीतर जाने दिया जाएगा। मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस भर्ती परीक्षा सभी केंद्रों पर कराई जाएगी। इसके लिए पूर्व से ही ड्यूटी लग चुकी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस पार्टी एवं पेट्रोलिंग पार्टी को लगाया गया है, जिससे शांतिपूर्ण ढंग एवं सुचिता से परीक्षा को संपन्न कराया जा सके।
स्कूलों की दो दिन कर दी गई छुट्टी
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने स्कूलों में दो दिन के अवकाश की घोषणा की है। 30 व 31 अगस्त को कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। देर रात को डीएम ने आदेश जारी कर दिया है।
यातायात व्यवस्था पर रहेगी विशेष नजर
आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था पर पुलिस टीम की विशेष नजर रहेगी। टीएसआई परमहंस यादव के अगुवाई में शहर के विभिन्न चौराहों पर स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ ही यातायात पुलिस कर्मी भी मुस्तैद रहेंगे। जिससे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले परीक्षार्थी एवं जन सामान्य को आवागमन में किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए पहले से सारी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सभी ड्यूटी पहले की तरह चलेगी। मजिस्ट्रेट के देखरेख में पूरी सुचिता से आरक्षी भर्ती परीक्षा को संपन्न कराया जाएगा।
- सुशील कुमार सिंह, एएसपी