संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और तय समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, मारपीट, पारिवारिक विवाद और अन्य मामलों से जुड़ी शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं में की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसपी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।