जिला अस्पताल के आईसोलेश वार्ड का निरीक्षण करते सीएमओ
- फोटो : KHALILABAD
कोरोना को लेकर भय का वातावरण न बनाएं: सीएमओ
- सीएमओ ने जिला अस्पताल में बने हुए कोरोना आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने मंगलवार को जिला अस्पताल में बने कोरोना आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वायरस को लेकर भय का वातावरण न बनाएं, न ही मास्क के पीछे भागे। कोरोना की निगरानी के लिए 13 टीमों का गठन किया गया है।
सीएमओ ने कहा कि पूरी तरह से स्वच्छता बनाए रखें साथ ही विदेश से आने वाले व्यक्तियों के बारे में सूचना जरूर दें। कहीं से भी आएं तो अपने हाथों को साबुन से कम से कम पांच बार जरूर धोएं, बेवजह आंख, मुंह और नाक पर हाथों को न ले जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राइवेट अस्पतालों से बात करके उनके मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की सूची बनाए। स्थानीय स्तर पर लोगों में हाथ धोने के संदेश को फैलाया जाए। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर यह संदेश आमजन में फैला रही हैं कि कोरोना से बचाव कैसे किया जाए। सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके सिन्हा ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिला अस्पताल में दस बेड आरक्षित कर विशेष वार्ड बना दिया गया है। विदेश से लौटे जिले के नागरिकों की लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल जिले मे ंएक भी रोगी नहीं है। इस दौरान अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा, सीएमएस डॉ. वाईपी सिंह, डीएमओ अंगद सिंह, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, डॉ. मुबारक अली, राजकुमार यादव समेत अन्य मौजूद रहे।