संतकबीरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संयुक्त जिला अस्पताल से संचारी रोग नियंत्रण पखवारा के तहत दस्तक अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में जेई टीकाकरण का हाल जाना और टीका लगवाने आए बच्चों को पुचकारा भी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायती राज के कुल 19 प्रचार वाहन कोे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया।
सीएम अंदर प्रथम तल पर जेई टीकाकरण कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। टीका लगवाने आए बच्चों से नाम-पता पूछा और उन्हें उपहार भी दिए। इस दौरान 70 बच्चों का टीकाकरण हुआ। सीएम ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा चलाया जा रहा है।
टीम घर-घर जाकर दस्तक देेगी और जेई से पीड़ित बच्चों का पता लगाएगी। उनका टीकाकरण होगा और जरूरत पड़ी तो सीएचसी और जिला अस्पताल में इलाज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें सभी की जिम्मेदारी है कि वे दस्तक अभियान में सहयोग करे और अगर किसी बच्चे को काफी दिनों से बुखार है तो उसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें, जिससे सही समय पर उपचार किया जा सके।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल, सांसद शरद त्रिपाठी, विधायक श्रीराम चौहान, विधायक राकेश सिंह बघेल, विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, कमिश्नर दिनेश सिंह, डीआईजी राकेश चंद्र साहू, डीएम मार्कंडेय शाही, सीएमओ डॉ एसी श्रीवास्तव, जनार्दन लाल श्रीवास्तव, दयाराम मिश्र, नीतू सिंह, कुमुद राय, भूपेंद्र त्रिपाठी, राजेश सिंह, अतुल सिंह, आशीष सिंह आदि मौजूद रहे।