- धनघटा क्षेत्र के उमरिया बाजार में की घटना, दुकानदारों ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। उमरिया बाजार में स्थित कपड़े की दुकान में मंगलवार की रात करीब 10 बजे शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। जिससे दुकान में रखा 14 लाख का कपड़ा जलकर नष्ट हो गया। बाजारवासी करीब दो घंटे तक आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो जाने के बाद आग पर काबू पाया गया।
उमरिया बाजार में स्थित दिल्ली कुर्ती सेंटर के संचालक यशोदा नंद ने बताया कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद करके घर पहुंचे। दो घंटे बाद फोन आया कि दुकान में आग लग गई है। तेज धुआं निकल रहा है। सूचना मिलने के बाद दुकान पर पहुंचे तो दुकान धूं-धूं कर जल रही थी। बाजार के लोग दुकान का ताला तोड़कर आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। आग पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया जा सका।
यशोदा नंद का कहना है कि दुकान में करीब 14 लाख का कपड़ा जलकर राख हो गया। बताया कि होल्डर के पास शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे निकली चिंगारी ने विकराल रूप धारण करके पूरी दुकान को जलाकर नष्ट कर दिया। दुकान संचालक ने आग लगने की सूचना तहसील प्रशासन व पुलिस को दे दी है। पीड़ित ने बताया कि उसका काफी नुकसान हुआ है। रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।