स्वच्छता शासन की भले ही पहली प्राथमिकता हो और सरकारी कार्यालयों को साफ रखने का डीएम का आदेश हो, लेकिन इन सब बातों का असर पौली ब्लॉक के जिम्मेदारों पर नहीं पड़ रहा है। इसका नतीजा है कि ब्लॉक परिसर में चारों तरफ गंदगी का अंबार तो लगा ही है टूटे शौचालय स्वच्छता मिशन को आइना दिखा रहे हैं।
चार मई को जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने पौली ब्लॉक का निरीक्षण किया था तो परिसर में गंदगी , टूटा हुआ शौचालय और बाउंड्री को देख बीडीओ समेत अन्य अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए ब्लॉक को साफ , सुथरा रखने, शौचालय और बाउंड्री की मरम्मत दस दिन के भीतर कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इसका असर नहीं दिख रहा है। ब्लॉक परिसर में गंदगी और टूटा शौचालय और बाउंड्री यह साबित कर रहे है कि डीएम के निर्देश का पालन पौली ब्लॉक में नहीं हो रहा है। यही नही अभी हाल ही में संयुक्त विकास आयुक्त ने पौली ब्लॉक का निरीक्षण किया तो वह भी गंदगी देख भड़क उठे। साफ सफाई का फरमान जारी किए लेकिन उनका भी फरमान परवान नही चढ़ सका। इस संबंध में पूछे जाने पर बीडीओ सौरभ पांडेय का कहना है कि ब्लाक परिसर की सफाई कराने और शौचालय व बाउंड्री के मरम्मत के लिए एडीओ पंचायत को निर्देश दिया गया है। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।