संतकबीरनगर। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही तकनीक, नवाचार और रोजगारपरक कौशल से जोड़ा जाएगा। इसके लिए इन छात्रों को कक्षा छह से व्यावसायिक कौशल की ट्रेनिंग दी जाएगी। अभी तक कक्षा नौ से 12वीं तक के बच्चों व्यावसायिक शिक्षा दी जा रही थी।
जनपद में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 25 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 22 राजकीय हाईस्कूल व दो राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। इन विद्यालयों में कक्षा छह से बच्चों की पढ़ाई कराई जाती है। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके इसके लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास व गतिविधियां कराई जा रही हैं। कक्षा नौ से बारहवीं तक के बच्चों को विषय पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी दी जा रही है।
अब शासन ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही तकनीक, नवाचार और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की पहल की है, जिससे छात्र-छात्राएं रुचि के अनुसार कौशल विकसित कर सकें। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक छात्रों को नियमित विषयों के साथ-साथ अतिरिक्त रूप से वोकेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए अल्पकालीन प्रशिक्षण कोर्स भी संचालित होंगे। इन कोर्सों के माध्यम से छात्र मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, फिटर, वेल्डर, आईटी, कंप्यूटर, प्लंबिंग सहित अन्य तकनीकी क्षेत्रों से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में इसे सभी विद्यालयों में शुरू करवाया जाएगा।