संतकबीरनगर। इस साल परिषदीय के साथ निजी और एडेड विद्यालयों में भी स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम संचालित होगा। कक्षा एक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुरुआती 12 सप्ताह में जहां कार्टून पात्रों से अक्षर ज्ञान कराया जाएगा। वहीं, बिग बुक से फल-फूल की पहचान कराई जाएगी।
जिले में 1247 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें करीब 1.23 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इसके अलावा 800 प्राइवेट व एडेड स्कूल हैं। वर्ष 2020 में स्कूल रेडिनेस कार्यक्रम लांच हुआ था। हालांकि, कोरोना काल के कारण 2022-23 से इसका संचालन शुरू हो सका। इस कार्यक्रम के लिए शिक्षकों का भी प्रशिक्षण होता है। कक्षा एक में पढ़ाई शुरू होने से पहले बच्चों को शुरुआती तीन महीने में पढ़ने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार किया जाता है। अब तक यह परिषदीय विद्यालयों में ही संचालित होता था, लेकिन मौजूदा शैक्षणिक सत्र से इसे सभी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में भी संचालित किया जाएगा।
एक अप्रैल से शैक्षिक सत्र की शुरुआत इसी विद्या प्रवेश कार्यक्रम से होगी। विद्यार्थियों को कार्टून पात्रों की मदद से अक्षर ज्ञान सिखाया जाएगा। चार्ट और कैलेंडर की मदद से उनके समझने की क्षमता को बेहतर किया जाएगा।