मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाई के साथ पर्यावरण संरक्षण की भी सीख देने की प्रक्रिया को मजबूत और सक्रिय बनाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में बनाए गए इको क्लब को सक्रिय करते हुए इससे जुड़ी गतिविधियों में पारंगत किया जाएगा।
क्लब के जरिये छात्र-छात्राओं को पौधरोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और प्रकृति से जुड़ी गतिविधियों में शामिल करते हुए पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाया जाएगा। साथ ही, उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और टीम के साथ काम करने की भावना भी विकसित की जाएगी।
बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि ब्लॉक में 1146 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब एक लाख दस हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इको क्लब के तहत छात्र-छात्राओं को पौधरोपण, वर्षा जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त परिसर, कचरा प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
विद्यालयों में समय-समय पर रैली, चित्रकला, निबंध, पोस्टर निर्माण और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इको क्लब के बारे में एआरपी अनूप कुमार सिंह और निशांत त्रिपाठी, अमरेश बहादुर सिंह, नृपेंद्र त्रिपाठी, राकेश कुमार, अब्दुलगनी खान, सुमन सिंह, लक्ष्मी देवी समेत कई शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। साथ ही, बच्चे टीम के साथ काम करना, नेतृत्व करना भी सीखेंगे। इससे विद्यालयों का वातावरण भी स्वच्छ और हरित बनाने में मदद मिलेगी।
इको क्लब के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण की जानकारी व्यवहारिक तरीके से दी जाएगी। इससे बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे पर्यावरण बचाने में अपनी भागीदारी निभाना सीखेंगे।