उज्जवला गैस का कनेक्शन वितरण करते विधायक और डीएम।
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बुधवार को उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को निशुल्क सिलेंडर रिफिल का वितरण लोक भवन लखनऊ में किया। जिसमें प्रदेश भर के उज्ज्वला योजना के तहत कुल 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को 1890 करोड़ की धनराशि से निशुल्क रसोई गैस सिलिंडर रिफिल वितरण किया गया। जिसका सजीव प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार में विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, डीएम महेन्द्र सिंह तंवर एवं एडीएम जय प्रकाश की उपस्थिति में देखा व सुना गया।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चौहान एवं डीएम महेन्द्र सिंह तंवर ने जनपद के उज्ज्वला योजना के तहत 30 पात्र लाभार्थियों को निशुल्क रसोई गैस सिलिंडर रिफिल की धनराशि प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से वितरित की गई। जनपद के 90 हजार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को जिनका ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, उन्हें निशुल्क गैस सिलिंडर रिफिल धनराशि 505.95 रुपये की सब्सिडी का वितरण किया गया है। शेष लाभार्थियों को ई-केवाईसी पूर्ण होने के पश्चात वितरित कर लाभांवित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, एआरओ विजय प्रकाश, पूर्ति निरीक्षक अभय नारायण, अभिषेक, अमित कुमार, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।