हरिहरपुर। सीएचसी नाथनगर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को इलाज के लिए जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ रही है। खासकर हड्डी और बच्चों से संबंधित बीमारी के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने सीएचसी पर हड्डी एवं बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के साथ अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
नाथनगर के विनोद कुमार, अमित, राम उजागिर और अरविंद ने बताया कि सीएचसी नाथनगर पर सैकड़ों गांवों के लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल में बच्चों और हड्डी से संबंधित मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने से उन्हें जिला अस्पताल जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि सीएचसी पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होने से क्षेत्रवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सीएचसी में एक्स-रे के साथ खून की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध है। यहां सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, टाइफाइड, मलेरिया और शुगर की जांच की सुविधा भी है। हालांकि, अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने से मरीजों को जिला अस्पताल या निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।
बीते बुधवार को भाजपा नेता संदीप उपाध्याय की अगुवाई में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात कर सीएचसी नाथनगर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र में बाल रोग विशेषज्ञ और हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती के साथ अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अलावा विशेषज्ञ महिला चिकित्सक की तैनाती और अस्पताल परिसर में इंटरलॉकिंग कराने की मांग भी की गई।
अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए एक्स-रे और खून जांच की सुविधाएं उपलब्ध है। क्षेत्र के लोगों की जरूरत और मांग को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।
डॉक्टर श्वेतांक सिंह, अधीक्षक सीएचसी नाथनगर