जिला अस्पताल में मरीज को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
संतकबीरनगर। बदलते मौसम के बीच हाल के दिनों में गर्मी और उमस बढ़ने से चर्म रोग के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल के चर्म रोग विभाग में रोजाना करीब 100 रोगी त्वचा संबंधी तकलीफ लेकर पहुंच रहे हैं।
अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एसबी गौतम के मुताबिक इनमें एग्जिमा, फंगल इंफेक्शन, खुजली, लाल चकत्ते और त्वचा का छिलना जैसी शिकायत पहुंचने वाले रोगी ज्यादा हैं। ठंड के बाद गर्मी शुरू होते ही लोगों में पानी पीने की इच्छा बढ़ जाती है, लेकिन कई लोग पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते हैं। इससे शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है और त्वचा के रोगों का खतरा गुना बढ़ जाता है।
डॉ. गौतम ने बताया कि गर्मी में पसीना, नमी और गीले कपड़ों को देर तक पहने रहना फंगल इंफेक्शन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करता है। इस मौसम में ढीले और सूती कपड़े पहनने चाहिए। इससे धूप, वायरस और संक्रमण से बचाव होता है तथा पसीना भी जल्दी सूखता है। सबसे महत्वपूर्ण है रोजाना 3-4 लीटर पानी अवश्य पीएं। इससे त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा मजबूत रहती है और कई रोगों से बचाव होता है।
व्यक्तिगत स्वच्छता का भी ध्यान रखें। अपने कपड़े, तौलिया, चादर किसी के साथ शेयर न करें। इससे संक्रमण फैलने का खतरा काफी कम हो जाता है। गीले कपड़ों को तुरंत बदलें और शरीर को हमेशा साफ व सूखा रखें।
बृहस्पतिवार को ओपीडी में संगम, राकेश, सुखदेव, राजेश व अफजल आदि त्वचा संबंधी दिक्कत लेकर दिखाने पहुंचे। डॉक्टर एसबी गौतम ने उन्हें दवा के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया।