संतकबीरनगर। मौसम में बदलाव बीमारियों में इजाफे की वजह बन रहा है। बच्चे और युवा ज्यादातर इसकी चपेट में आ रहे है। कूलर, पंखे की सीधी हवा लोगों को बीमार बना रही है। ऐसे में चिकित्सक मरीजों को दवा देकर बचाव के तरीके बता रहे हैं।
दिन में निकल रही तेज धूप के साथ सुबह और रात में मौसम में नरमी है। जिसकी वजह से मौसमी बीमारियां जैसे निमोनिया, बुखार, खांसी, जुकाम, वायरल फीवर, पीलिया, डायरिया की चपेट में बच्चे ही नहीं बल्कि युवा और बुजुर्ग भी आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 के करीब मरीज इन बीमारियों के पहुंच रहे हैं।
फिजिशियन डॉ. एपी मिश्र ने बताया कि इस समय लोग कूलर और पंखा चलाकर सो रहे हैं, जो काफी घातक है। इससे शरीर में जकड़न आ रही है और ठंड लग रही है। लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। वहीं मच्छरों का प्रकोप अलग से है। ऐसे में लोग सावधानी बरतें।
कूलर और पंखों की सीधी हवा लेना भी बीमारी को दावत देने जैसा साबित हो रहा है। उनका कहना है कि सावधानी बरतने की जरूरत है। खानपान के साथ घर में साफ सफाई व सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।