काली पट्टी बांधकर चकबंदी कर्मियों ने जताया विरोध
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश प्रादेशिक चकबंदीकर्ता संघ के आह्वान पर शुक्रवार को चकबंदी कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस दौरान बंदोबस्त अधिकारी पर कर्मियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की।
चकबंदी कर्मी बंदोबस्त अधिकारी के कार्यालय पर एकत्र हुए और काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। संघ के अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद ने कहा कि कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। कई कर्मी उत्पीड़न का शिकार हुए हैं। ऐसे में बंदोबस्त अधिकारी के साथ कार्य कर पाना संभव नहीं है। चकबंदी कर्मियों ने मांग की कि बंदोबस्त अधिकारी का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से किया जाए, ताकि कार्य का माहौल बन सके। ऐसे नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान दीनानाथ पांडेय, नंदलाल कुशवाहा, सरफराज खां, रामबचन दास, अंगद कुमार आदि मौजूद रहे।