भावनाओं का आदर कर मनाएं पर्व : डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक हुई
संतकबीरनगर। बकरीद, श्रावण मास, नाग पंचमी आदि पर्व को देखते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें आपसी सौहार्द एवं एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करते हुए पर्व मनाने की अपील की गई।
डीएम ने कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से मनाए जाएंगे। नई परंपरा की शुरुआत नहीं होनी चाहिए। कोविड-19 का संक्रमण नियंत्रित है, फिर भी हमें इसके संभावित संक्रमण से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने दूसरी लहर के दौरान कोविड 19 से प्रभावित लोगों को कांवड़ यात्रा आदि के दौरान धूप में लगातार लंबी यात्रा न करने, पीने का पानी साथ रखने की भी सलाह दी। डीएम ने त्योहारों के दौरान प्लास्टिक थैलियों आदि के प्रयोग से बचने की अपील भी की।
एसपी सोनम कुमार ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति आपसी भाईचारा और सौहार्द के वातावरण में खलल पैदा करने की कोशिश करते हुए पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जाने वाले अफवाहों पर ध्यान न देने तथा अपने स्तर पर ही इसे रोक देने की बात कही। बैठक में एडीएम मनोज कुमार सिंह, एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम योगेश्वर सिंह, रविंद्र कुमार, रमेश चंद्र, नवीन श्रीवास्तव, सी अंशुमान मिश्र, राम प्रकाश, राजीव यादव आदि मौजूद रहे।