संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड की प्रगति रिपोर्ट में खराब श्रेणी प्रदर्शित करने वाले इंडिकेटर में रहने वाले विभाग सुधार करें। कार्यों एवं योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाते हुए बेहतर परफॉर्मेंस बनाए रखें।
उन्होंने समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों/न्याय पंचायतों में जिन परिवारों के पास राशनकार्ड नहीं है उनका शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें।
डीएम अनुज मलिक के निर्देश पर सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की हुई बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्राप्तांक एवं ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
उन्होंने कहा कि कार्यों के संचालन एवं क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सीएम डैश-बोर्ड पर खराब रैंकिंग दर्शाने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ ने जनपद में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत को फैमिली आईडी बनाने में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने विलंबित परियोजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में भुगतान की स्थिति, आयुष्मान भारत के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने निर्देशित किया कि अंत्योदय कार्ड, श्रम कार्ड, पात्र गृहस्थी कार्ड एवं 70 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों का पात्रता के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित करें।
ो