बुधवार को डिप्टी सीसीएम गोरखपुर आलोक सिंह ने खलीलाबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान पूछताछ केंद्र में टूटी कुर्सी मिलने पर नाराजगी जताई और सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन की साफ-सफाई में और सुधार करने की बात कहीं।
डिप्टी सीसीएम आलोक सिंह शाम को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर संतोष जताया और कहा कि व्यवस्था और चाक चौबंद होनी चाहिए। इसके बाद वह पूछताछ केंद्र पहुंचे, जहां पर कुर्सी टूटी मिली, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सुधार करने की हिदायत दी। उन्होंने स्टेेशन अधीक्षक से पार्क में पानी आने के बारे में जानकारी मांगी। साथ ही शौचालयों की स्थिति को भी बारीकी से देखा। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में वाटर वेंडिंग मशीन व टिकट वेंडिंग मशीन इस स्टेशन पर लगा दी जाएगी। इससे यात्रियों को खासी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और कई सुधार किए जाने की योजना है। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉक्टर राजीव सक्सेना, सीएमडी डॉक्टर सोमई प्रसाद, स्टेशन अधीक्षक विनय कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र कुमार सिंह, अजय कुमार शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।