प्रधान के पति व रोजगार सेवक पर जालसाजी का केस दर्ज
धोखे से लाभार्थी के खाते से आवास की रकम निकालने का लगा है आरोप
सांवद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। बखिरा पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के सौरहां गांव के प्रधान के पति व रोजगार सेवक पर जालसाजी का केस दर्ज किया है। सौरहां की दुर्गावती की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आवास की लाभार्थी का आरोप है कि उसके खाते से दोनों लोगों ने धोखे से अंगूठा लगवाकर दस हजार रुपये निकाल लिए थे।
पीड़ित दुर्गावती पत्नी शिवकुमार का आरोप कि उसका बड़ौदा यूपी बैंक में खाता है। उसके खाते में प्रधानमंत्री आवास के चालीस हजार रुपये आए थे। आरोप है कि सौरहां के प्रधान के पति निसार अहमद व रोजगार सेवक शैलेश चौधरी आवास की रकम जांच कराने के बहाने राजेडीहां में स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर ले जाने के लिए बार-बार दबाव बनाने लगे। ग्राहक सेवा केंद्र पर उन लोगों ने दो बार अंगूठा लगवाकर दस हजार रुपये भुगतान करा लिया और उसे पता तक नहीं चल पाया। बाद में जब दो दिन बाद बैंक शाखा पर पूरे पैसे का भुगतान कराने गई तो वहां से पता चला कि उसके खाते में आवास की पहली किस्त आई थी और दस हजार ग्राहक सेवा केंद्र से निकाल लिए गए। खाते में मात्र तीस हजार शेष बचे हुए हैं। दुर्गावती ने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया और प्रार्थनापत्र के साथ लगाकर उसे राजेडीहा चौकी पर कार्रवाई करने के लिए 30 अप्रैल को दिया था। जांच के दो दिन बाद केस दर्ज कर लिया गया। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि दुर्गावती की तहरीर के आधार पर प्रधान के पति निसार अहमद व रोजगार सेवक शैलेष चौधरी के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।