संतकबीरनगर। खलीलाबाद सीएचसी के अधीक्षक डॉ. वरुणेश दुबे पर गोरखपुर जिले में अपने साले के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं डॉ. वरुणेश ने भी अपने साले व ससुर पर मारपीट व गाड़ी में धक्का देने का केस दर्ज कराया है।
गोरखनाथ थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर निवासी विनोद पांडेय ने 12 जुलाई को गगहा थाने में तहरीर दी है कि उनका लड़का राहुल पाण्डेय गत आठ जुलाई को पैतृक निवास स्थान ग्राम चड़ेरिया में किसी काम से गया था। वहीं पर मेरे दामाद वरुणेश दुबे जिनसे मेरा मधुर संबंध नहीं है वह भी आए थे। लड़का राहुल सोनइचा चौराहे पर कुछ काम से आया था। वहां दामाद मेरे लड़के को देखकर गाली देने लगे। आरोप है उनके लड़के ने गाली देने से मना किया तो वरुणेश डंडे से मारने लगा और मेरी बेटी को जिंदा जलाकर मारने की धमकी दी।
वहीं डॉ. वरुणेश दुबे ने अपने ससुर और दो सालों के उपर मारपीट करने और गाड़ी में धक्का मारने का केस दर्ज कराया है। डॉ. वरुणेश आरोप है कि वह किसी कार्य से 8 जुलाई को सोनईचा बाजार में गए थे। वहां ससुर विनोद पांडेय व साले राहुल पांडेय तथा ऋषभ पांडेय ने घेर लिया। उन लोगों ने बुरी तरह से मारा-पीटा और गाड़ी में भी धक्का मारा।
जिससे उनकी गाड़ी टूट गई और मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आई है। गगहा थानाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह के अनुसार दोनों पक्षों पर केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।