घर में घुस कर युवती से दुष्कर्म, विरोध पर पीटा
आरोप है कि कार्रवाई की बजाय सुलह-समझौते के प्रयास में जुटी रही पुलिस
एसपी तक पहुंचा मामला तो देर शाम पुलिस ने आरोपी पर दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दो दिन पूर्व घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म करने और विरोध पर मारने-पीटने के मामले में बखिरा पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोप है कि पुलिस बुधवार को पूरे दिन आरोपी को थाने पर बैठाए रही और कार्रवाई के बजाय सुलह-समझौते का प्रयास करती रही। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई, तब जाकर पुलिस ने कार्रवाई की।
पीड़िता का आरोप है कि 21 जून की रात 11 बजे उसके कमरे में गांव का युवक चुपके से घुस आया। युवती से युवक ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को मारापीटा। पिटाई से उसके सिर में चोटें आईं। शोर मचाने पर चाकू दिखाकर डराया-धमकाया। उसकी गुहार पर छत से माता-पिता नीचे पहुंचकर जान बचाए। आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस को सूचना दी गई तो बुधवार को पूरे दिन आरोपी को थाने पर बैठाया गया। इस मामले में पुलिस उसे भी थाने पर बैठाए रही और कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले में सुलह-समझौता कराने के प्रयास में जुटी रही। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी सोनम कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ बखिरा को कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। देर शाम पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ घर में घुस कर दुष्कर्म करने और मारने-पीटने व जानमाल की धमकी देने का केस दर्ज किया। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पर केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया गया है। पीड़िता को शुक्रवार को मेडिकल जांच के लिए भेजा जाएगा।