अलीनगर गांव के निबियहवा पोखरे के पास नहर टूटने से खेतों में भरा पानी। संवाद
महुली। अलीनगर के पास मुखलिसपुर नहर शनिवार को टूट गई, जिससे आसपास के गांवों में लगी धान की नर्सरी और पशुओं के लिए खेत में तैयार चारा डूब गया। धान की नर्सरी और पशुओं का चारा डूबने से किसान परेशान हैं।
मुखलिसपुर नहर टूटने से अलीनगर, नाथनगर, निबिअहवा पोखरा, नोक्ता सहित कई गांव के सीवान में पानी भर गया। किसानों के खेतों में पानी भरने के चलते धान की नर्सरी और पशुओं के लिए तैयार चारा डूब गया। किसान रामबूझ यादव, जनार्दन, संजय यादव, प्रकाश यादव, रामायण, रामवृक्ष ने बताया कि नहर टूटने से धान की नर्सरी बर्बाद हो गई।
लोगों ने बताया कि तैयार धान की नर्सरी बर्बाद होने से धान की रोपाई का संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि हर साल नहर टूट जाती है और किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है लेकिन जिम्मेदार नहर की मरम्मत के नाम कोरमपूर्ति हैं, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। खेत में तैयार पशुओं का चारा डूब जाने से पशु पालक काफी चिंतित हैं।
लोगों का कहना है कि खेत में तैयार चारा डूब जाने से पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है।