पूर्व सांसद भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी ने मंगलवार को गोलाबाजार में पहुंचकर आंदोलनरत सराफा कारोबारियों से उनकी समस्याएं सुनीं।
- फोटो : अमर उजाला
ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारियों को विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। इस कारण नगर से लेकर कस्बों तक स्वर्ण कारोबारियों ने दुकानें बंद रखीं।
वहीं खलीलाबाद के पूर्व सांसद भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी ने मंगलवार को गोलाबाजार में पहुंचकर आंदोलनरत सराफा कारोबारियों से उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान सराफा कारोबारियों ने कहा कि केंद्र सरकार ने सोना के कारोबार पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी बढ़ाकर कारोबार चौपट करने का प्रयास किया है।
स्वर्णकारों ने कहा कि कई दिनों से स्वर्ण व्यवसाई दुकानें बंद कर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक ध्यान नहीं दिया। इससे स्वर्णकार परेशान है। पूर्व सांसद ने उनकी समस्याएं सुनी और कहा कि वह स्वर्णकारों के साथ है। उन्होंने केंद्र सरकार के निर्णय की आलोचना की।
इस दौरान अग्रहरि समाज के प्रदेश अध्यक्ष बनार्जी लाल अग्रहरि, स्वर्णकार सेवा समिति के जिलाध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, गोपाल जी वर्मा, गोलू वर्मा, अवधेश वर्मा, आनंद वर्मा, प्रिंस वर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।