अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने में देरी से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने में देरी से गुस्साए लोगों ने मंगलवार को जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रमाण पत्र के लिए यात्रियों को तीन दिन से दौड़ाया जा रहा है।
मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन करने वाले गिरिश पाठक, प्रमोद जायसवाल, अनूप यादव, दिग्विजयनाथ, संजय यादव, दयाशंकर पांडेय, विनोद यादव आदि ने बताया कि उन्हें जुलाई में अमरनाथ यात्रा के लिए जाना है।
इसके लिए मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने के लिए जिला अस्पताल में फार्म भरे गए हैं। इसके लिए ब्लड जांच आदि कराई जा चुकी है, लेकिन उसके बाद भी सर्टिफिकेट नहीं बनाया जा रहा है। बाबू के पास जाने पर वह फार्म अधूरा कह कर वापस लौटा दे रहा है। उन्हें मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए लगातार चिकित्सकों के पास भेजा जा रहा है।
आवेदन की तिथि भी नजदीक है। अगर समय से पहले सर्टिफिकेट नहीं बना तो वे आवेदन करने से महरूम रह जाएंगे। यात्रियों ने सीएमओ से जल्द से जल्द सर्टिफिकेट दिलाए जाने की मांग की है। वहीं सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट प्राथमिकता के आधार पर बनना है। अगर इसमें लापरवाही हो रही है तो संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।